महिला दिवस 2020: डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव।
- फोटो : अमर उजाला।
महिला चिकित्सक डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव की मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि बसंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यूपी में नंबर वन है। मतलब अव्वल दर्जे का स्वास्थ्य कैंप देखना हो तो बसंतपुर आ जाएं। स्थानीय मरीजों का सरकारी स्वास्थ्य सेवा के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।
ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी है। डॉ. पल्लवी ने 2018 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। पहली तैनाती बतौर बसंतपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुई और प्रभारी चिकित्सक की जिम्मेदारी मिली। दो साल में स्वास्थ्य केंद्र की सूरत बदल गई। बसंतपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ( यूपीएससी) की जिम्मेदारी प्रभारी चिकित्सक डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव के पास है।
पल्लवी का अपनी जिम्मेदारी के प्रति लगाव ही है कि 83 अंकों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को कायाकल्प श्रेणी में पहला स्थान मिल सका। नेशनल क्वालिटी एंश्योरेंस स्टैंडर्ड में भी 95 अंकों के साथ स्वास्थ्य केंद्र का मान बढ़ाया है। उनकी मेहनत और लगन का प्रतिफल ही है कि केंद्र पर इलाज के साथ पर्याप्त दवाइयां मिलती जाती हैं।
इलाके के श्याम नारायण (60) ने बताया कि ब्लड प्रेशर के साथ हाइपरटेंशन की समस्या थी। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने से कोई खास फायदा नहीं हुआ। एक जानने वाले ने इस स्वास्थ्य केंद्र के बारे में बताया। कहा कि नई डॉक्टर इलाज के साथ अच्छी दवाएं अस्पताल से ही देती हैं। सुनकर जब इलाज कराने पहुंचा तो न लंबी लाइन और न घंटों इंतजार करना पड़ा। साथ ही दवाइयां भी अस्पताल से ही मिल गई।
हरियाली में यूपीएचसी रही टॉप पर
बसंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव ने बताया कि यूपीएचसी में हर्बल गार्डन भी डॉक्टर पल्लवी ने लगवाया है। आस-पास के स्कूली बच्चे भी समय समय पर आते हैं। उन्हें स्वच्छता के बारे में जानकारी दी जाती है। स्वास्थ्य केंद्र पर जगह जगह पेड़ पौधे लगे हैं। गर्मियों में अगर मरीज आते हैं तो उन्हें पेड़ों के नीचे छांव से साथ खुली हवा भी मिलती है।