केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कोरोना काल खण्ड में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व की वजह से ही इस बीमारी पर नियंत्रण पाया गया। प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर एक ही दिन में यूपी में 40 लाख वैक्सीन लगाकर रिकार्ड कायम किया गया।
जल्द ही पानी की तरह पाइपलाइन से गैस भी मिलेगी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब केन्द्र की सरकार बनी थी देश की करोड़ों महिलाओं को लकड़ी और कोयले के जानलेवा धुएं से निजात दिलाने के लिए उज्जवला योजना शुरू की गई। इसके तहत देश में 8 करोड़ महिलाओं को निशुल्क कनेक्शन प्रदान किया गया। इसमें ढाई करोड़ कनेक्शन अकेले उत्तर प्रदेश में दिए गए।
उन्होंने कहा कि जल्द ही पाइपलाइन से पानी की ही तरह रसोई घरों तक गैस भी पहुंचने लगेगी। गोरखपुर एवं उसके आस-पास के जिलों में गैस पाइपलाइन(पीएनजी) बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इससे महिलाओं को गैस सिलिंडर के लिए इंतजार नही करना होगा। पाइपलाइन से गैस, एलपीजी से भी सस्ती होगी। यही नहीं गोबर और पाराली से गैस बनाकर उद्योग और आमजन तक पहुंचाने के लिए भी कारखाने का निर्माण शुरू हो गया है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार गरीबों, वंचितों, पिछड़ों के उत्थान की दिशा में निरन्तर कार्य कर रही है। इसी क्रम में गोरखपुर खाद कारखाने का निर्माण कार्य अब पूरा हो गया है और अगले महीने अक्तूबर में इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे।
गोरखपुर यूनिवर्सिटी में होगी गुरु गंभीरनाथ शोध पीठ की स्थापना: धर्मेंद्र प्रधान
महंत दिग्विजयनाथ की पुण्यतिथि और उनकी प्रतिमा के अनावरण मौके पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि यूजीसी की तरफ से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में महंत दिग्विजयनाथ के गुरु गंभीरनाथ के नाम पर गुरु गंभीरनाथ शोध पीठ की स्थापना होगी । यहां गंभीरनाथ के साहित्य अध्ययन के साथ ही शोध भी होंगे। बाकायदा प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर की तैनाती भी की जाएगी। बता दे कि गोरखपुर यूनिवर्सिटी में गुरु गोरक्षनाथ शोध पीठ की स्थापना पहले ही हो चुकी है।