प्रशिक्षित स्नातक परीक्षा-2021 शनिवार को प्रथम पाली में देवरिया जिले के सात केंद्रों पर संपन्न हुई। इस पाली में विज्ञान, संस्कृत, गृहविज्ञान व कला विषय के अभ्यर्थियों का 125 प्रश्नों के माध्यम से मूल्यांकन किया गया। संख्यावाची प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खूब परेशान किया तो साहित्य व व्याकरण के सवाल पिछले वर्ष से आसान रहे।
टीजीटी परीक्षा-2021 के लिए जनपद में प्रथम पाली में कुल सात केंद्रों पर 2896 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 2376 उपस्थित एवं 432 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 9.30 बजे से शुरू हुई परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सीसीटीवी कैमरे सही व सुचारु रुप से चले, इसके पहले से ही प्रबंध किए गए थे।
डीएम और एसपी ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। परीक्षा देकर राजकीय इंटर कॉलेज से निकले संस्कृत से शिशिर पांडेय व अमित त्रिपाठी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सवाल आसान थे। संख्यावाची प्रश्नों ने थोड़े कठिन थे।
संस्कृत की ही अंकिता मिश्रा ने बताया कि इस बार सवाल आसान थे, ऐसे में मेरिट हाई बनेगी। गृहविज्ञान से रागिनी सोनकर ने बताया कि अच्छी तैयारी थी तो पेपर अच्छा गया है।
विज्ञान से शुभम गुप्ता व कला से रोहित शर्मा ने बताया कि स्लेब्स से ही अधिकतर सवाल आए थे। कई सवाल घुमावदार होने से कठिन प्रतीत हुए। डीआईओएस डीके गुप्ता ने बताया कि टीजीटी प्रथम पाली की परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। सातों केंद्रों पर सुचारु ढंग से परीक्षा हुई।