देवरिया जिलवे में दो दिन पहले पारिवारिक विवाद में हुई मारपीट में घायल महिला की गुरुवार रात में मेडिकल कॉलेज गोरखप़ुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए और शुक्रवार सुबह दाह संस्कार करने की तैयारी में जुटे थे। तभी मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस और शव को अर्थी से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तरकुलवा दुबे टोला निवासी प्रेमलता (30) का अपने पति अच्छे लाल से किसी बात को लेकर तीन अगस्त को विवाद हो गया था। मारपीट के दौरान प्रेमलता गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने महिला को इलाज के लिए कसया भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक देख डाक्टरों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था।
शुक्रवार सुबह करीब दस बजे अर्थी पर शव लेकर घाट ले जाने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मायके वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि महिला की मामूली बात को लेकर पिटाई कर दी गई। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए शव का दाहसंस्कार करने से रोक दिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जयंत कुमार ने बताया महिला के मायके वालों की सूचना पर पुलिस गांव में गई थी। पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।