एम्स थाना क्षेत्र के एयरफोर्स चौकी के पास दो गुटों में देर रात विवाद हो गया। उधर से गुजर रहे कार सवार ने हॉर्न बजाया तो मनबढ़ युवकों ने पथराव कर कार क्षतिग्रस्त कर दी। आरोप है कि मनबढ़ों ने हवाई फायरिंग भी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कूड़ाघाट निवासी शिवम सिंह के भाई विक्की अपने दोस्त शुभभ व ड्राइवर सतीश के साथ घर जा रहे थे। एयरफोर्स चौकी के पास कुछ मनबढ़ युवक शराब पीकर झगड़ा कर रहे थे। विक्की ने कार का हॉर्न बजाया तो युवकों ने कार पर पथराव कर दिया। बताया जा रहा है इसमें विक्की की तरफ से स्थानीय थाने के एक दरोगा भी आ गए।
इसे भी पढ़ें: एक्शन में एसएसपी गोरखपुर: गोरखनाथ थाना प्रभारी लाइनहाजिर, 13 दरोगा भी बदले
आरोप है कि इसके बाद नंदानगर निवासी युवकों ने हवाई फायरिंग भी की। विक्की व शुभभ ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी जल्द ही जेल से जमानत पर छूटा है। इस संबंध में एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि कार पर पथराव व फायरिंग की सूचना है। जांच की जा रही है। केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।