मनुशरण और सुशांत पहुंचे बुचारेस्ट एयरपोर्ट
शहर के बिछिया निवासी मनुशरण श्रीवास्तव और सिद्धार्थनगर के बांसी निवासी सुशांत पांडेय रोमानिया की राजधानी बुचारेस्ट एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। दूतावास ने उनके पासपोर्ट की फोटोकॉपी ले ली है। उन्हें एयरपोर्ट के पास रखा गया है। हालांकि फ्लाइट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। केवल यह बताया गया है कि एक-दो दिन में फ्लाइट से दिल्ली व मुंबई भेजे जा सकते हैं।
45 में से चार छात्र पहुंचे अपने घर
यूक्रेन में गोरखपुर के 45 छात्र फंसे हैं। इनमें से छह छात्र घर लौट आए हैं। इन्हें जिला प्रशासन ने घर तक पहुंचाया। वहीं, यूक्रेन में रूसी हमले में एक छात्र की मौत के बाद अभिभावक दहशत में आ गए हैं। परिजन टीवी पर केवल रूस और यूक्रेन के बारे में खबरें सुन और देख रहे हैं।
धमाकों के बीच न नींद आती थी न खाने का मन करता था : पूजा
यूक्रेन से मंगलवार को पिपराइच अपने घर पहुंचीं पूजा गुप्ता ने बताया कि धमाकों के बीच न तो नींद आती थी न कुछ खाने का मन करता था। एक ही सवाल गूंजता रहता था कि कैसे घर पहुंचा जाए। चार दिनों तक सायरन की आवाज सुन-सुनकर मन बोझिल हो गया था। दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था। सायरन की आवाज सुनते ही छात्र बेसमेंट की तरफ भागते थे। कानों में केवल बम और मिसाइल की आवाजें गूंजती थीं। 27 फरवरी को किसी तरह यूक्रेन की सीमा पार करके रोमानिया पहुंची। उसी दिन शाम को जहाज से 298 लोगों के साथ भारत के लिए रवाना हुई। यूपी भवन से सभी को अलग-अलग वाहनों से उनके घर भेजा गया। घरवालों और लोगों का आशीर्वाद और दुआ था कि सकुशल लौट आई।