कल राजकीय वायुयान से आएंगे गोरखपुर एयरपोर्ट, वहां से हेलीकॉप्टर से आयुष विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। एक घंटे के शिलान्यास कार्यक्रम व जनसभा के बाद दोपहर 12.15 बजे गोरखनाथ विश्वविद्यालय पहुंचेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 अगस्त को करीब चार घंटे गोरखपुर में रहेंगे। वह 11 बजे के करीब राजकीय वायुयान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके साथ देश की प्रथम महिला व उनकी पत्नी सविता कोविंद के भी रहने की उम्मीद है। वहां से राष्ट्रपति, सेना के हेलीकॉप्टर से 11.10 बजे भटहट के पिपरी जाएंगे।
विज्ञापन
राष्ट्रपति वहां प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। करीब एक घंटे के बाद वह, हेलीकॉप्टर से महायोगी गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय जाएंगे। दोपहर 12.15 बजे उनका हेलीकॉप्टर विश्वविद्यालय परिसर में लैंड करेगा। दोपहर 12.25 बजे से 1.10 बजे तक वह विश्वविद्यालय के लोकार्पण के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब दो घंटे का समय सुरक्षित है। इस दौरान राष्ट्रपति जिले के कुछ जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और उद्यमियों से मुलाकात करने के साथ ही भोजन भी वहीं करेंगे। उनके भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी शहर के होटल रेडिसन ब्लू को मिली है।
दोपहर बाद 3.15 बजे राष्ट्रपति लखनऊ प्रस्थान कर जाएंगे। उधर, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गोरखपुर वायुसेना के साथ ही प्रशासन एवं पुलिस के अफसरों ने भी गुरुवार को दोनों ही कार्यक्रम स्थल पर फाइनल रिहर्सल कर तैयारियां जांची। प्रशासन का दावा है कि इस दौरान सभी व्यवस्था दुरुस्त मिली। कुछ छोटी-छोटी तैयारियां रह गई हैं, जो शुक्रवार तक पूरी हो जाएंगी।
विज्ञापन
वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर पहुंचे, कमिश्नर-डीएम ने भी जांची तैयारी
पिपरी स्थित आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम स्थल के पास बने हेलीपैड पर गुरुवार को वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर उतरा तो दूसरा हवा में ही सर्वेक्षण कर लौट गया। साथ ही सड़क मार्ग से पहुंचकर वायु सेना के अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां जांची। पहला हेलीकाप्टर सुबह 10 बजे के करीब पहुंचा और हवा में ही कार्यक्रम स्थल का सर्वेक्षण कर लौट गया। उस समय झमाझम बारिश हो रही थी। दूसरी बार दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकाप्टर पहुंचा जिसमें से उतरकर तीन-चार अफसरों ने मौके का मुआयना भी किया। इस हेलीकॉप्टर के पहुंचने से करीब 15 मिनट पहले ही सड़क मार्ग से वायुसेना के कुछ अफसर भी मौके पर पहुंच गए थे। करीब आधे घंटे तक तैयारियां देखने के बाद वह हेलीकॉप्टर भी लौट गया। उधर दोपहर में डीएम विजय किरन आनंद और डीआईजी जे. रविंद्र गौड़ ने भी मौके पर पहुंचकर तैयारियां जांची। शाम को कमिश्नर रवि कुमार एनजी भी पहुंचे। उन्होंने सभी तैयारियों का एक-एक कर जायजा लिया। निर्देश दिए कि जो भी छोटे-छोटे काम रह गए हैं, उन्हें भी हर हाल में आज पूरा कर लिया जाए।
20 ब्लॉक में पांच हजार लोगों के बैठने का प्रबंध, चार ब्लॉक वीआईपी के
आयुष विश्वविद्यालय कार्यक्रम स्थल पर कुल 20 ब्लॉक बनाए गए हैं। जहां पांच हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जा रही हैं। बृहस्पतिवार की शाम तक करीब तीन हजार कुर्सियां लगा दी गई थी। चार ब्लॉक वीआईपी के लिए बनाए गए हैं। इसी तरह कार्यक्रम स्थल के पास एक वीआईपी पार्किंग बनाई गई है जबकि करीब 200 मीटर पहले आमजन के लिए तीन पार्किंग बनाई गई है। स्टेज बनकर तैयार हो गया है, उसे सजाना बाकी है। दूर बैठे लोगों को भी कार्यक्रम साफ दिखाई पड़े इसलिए जगह-जगह पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। साथ ही जगह-जगह बड़े-बड़े स्पीकर भी लगाए गए हैं।
मौसम को देखते हुए एसएसबी में भी हेलीपैड, मार्ग का भी विकल्प तैयार
खराब मौसम को देखते हुए खाद कारखाना स्थित एसएसबी परिसर में भी हेलीपैड तैयार किया गया है। गोरखपुर एयरपोर्ट से लेकर दोनों कार्यक्रम स्थल तक की सड़क दुरुस्त करने के साथ ट्रैफिक प्लान भी तैयार रखा गया है। 28 अगस्त को बारिश होने की दशा में राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर एसएसबी परिसर में बने हेलीपैड पर भी उतर सकता है। वहां से वह दोनों कार्यक्रम स्थलों पर सड़क मार्ग से जा सकते हैं। एहतियातन सभी संबंधित सड़कों के गड्ढों की मरम्मत के साथ ही डिवाइडर के रंग रोगन और सुंदरीकरण के साथ ही सड़क के दोनों तरफ की सफाई कराई गई है।
मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा कोई अधिकारी
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए डीएम विजय किरन आनंद ने सभी अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है। अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी विशेष परिस्थिति में ही अवकाश प्रदान करेंगे।
जनप्रतिनिधि, उद्यमी व समाजसेवियों से मिलेंगे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कार्यक्रम के दौरान जिले के कुछ जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, समाजसेवियों आदि से भी मुलाकात करेंगे। प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति से मुलाकात करने वालों में राज्य सभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल, कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक फतेह बहादुर सिंह, गीता प्रेस के ट्रस्टी व प्रबंधक देवीदयाल अग्रवाल, ईश्वर प्रसाद पटवारी, मुरली मनोहर सराफ, लालमणि तिवारी, श्रीरामचंद्र मिशन की जोनल कोआर्डिनेटर वंदना सिंह और उनके पति अवधेश कुमार सिंह और पिपराइच रोड स्थित संस्था के आश्रम के मैनेजर उदयभान यादव, बीजेपी प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह आदि का नाम शामिल है।
पांच आचार्य शिलान्यास तो सात लोकार्पण की पूजा संपन्न कराएंगे
आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास एवं भूमि पूजन की पूजा गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित संस्कृत विद्यालय के सेवानिवृत्त आचार्य रामनुज त्रिपाठी के नेतृत्व में पांच आचार्य कराएंगे। जबकि मानीराम स्थित महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के लोकार्पण के समय पूजन-अर्चन का कार्यक्रम आचार्य अरविंद चतुर्वेदी के नेतृत्व में सात आचार्य संपन्न कराएंगे।