गोरखपुर खिचड़ी मेले में 14 जनवरी को डाक विभाग की तरफ से कैंप लगाकर श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन करने व उन्हें खिचड़ी चढ़ाने आते हैं।
प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि पतित पावनी मां गंगा का जल संसार में सबसे शुद्ध है, जिसे पाने के लिए लोग हरिद्वार, प्रयागराज और गंगोत्री तक जाते हैं। वहां जाने के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन खिचड़ी मेले में इन श्रद्धालुओं का खास ख्याल करते हुए गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है।
बताया कि पिछली बार भी खिचड़ी मेले में गंगाजल उपलब्ध कराया गया था। मंदिर परिसर में लगने वाले कैंप में बोतल में 60 एमएल 30 रुपये, 100 एमएल 50 रुपये, 210 एमएल 105 रुपये और 500 एमएल 250 रुपये में दिए जाएंगे।