नगर निगम और अक्षय पात्र फाउंडेशन के बीच हुआ करार
गोरखपुर। अक्षय पात्र फाउंडेशन के किचन से निकलने वाले गीले कूड़े को नगर निगम निस्तारित करेगा। नगर निगम और अक्षय पात्र फाउंडेशन के बीच इसके लिए करार हो गया है।
अमर उजाला फाउंडेशन और नगर निगम के अनूठी पहल के तहत शहर की विभिन्न कालोनियों और अपार्टमेंट से गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने की शुरुआत हुई है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम ने किचन से निकलने वाले गीले कूड़े के बेहतर ढंग से निस्तारण के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन के साथ शुक्रवार को नगर निगम नवनिर्मित सदन हॉल में करार हुआ।
इसके तहत नगर निगम अक्षय पात्र फाउंडेशन के किचन से निकलने वाले गीले कूड़े को इकट्ठा करके नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में बने एमआरएफ सेंटर लाएगा। जहां इससे जैविक खाद बनाई जाएगी। करार के वक्त नगर आयुक्त अविनाश सिंह के अलावा अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, मुख्य अभियन्ता सुरेश चन्द, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सहायक नगर आयुक्त डॉ. मणिभूषण तिवारी, सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह, स्टेनो बृजेश तिवारी, अक्षय पात्र फाउंडेशन के अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।