उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पटहेरवा थाना क्षेत्र के सरेया बुजुर्ग गांव के टोला रामकोला चट्टी से अपहृत नौ वर्षीय बालक आदित्य वर्मा शुक्रवार की दोपहर में कसया कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल के पास मिल गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों के साथ-साथ पुलिस अफसरों ने भी राहत की सांस ली है। इस मामले में गांव के ही एक व्यक्ति को साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार की शाम को एसपी ने अपने कार्यालय में इस घटना का पर्दाफाश किया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के रामकोला चट्टी निवासी अजीत उर्फ मिंटू वर्मा के नौ वर्षीय पुत्र आदित्य वर्मा का बीते बुधवार को कोचिंग से लौटते समय रास्ते से अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के 24 घंटे बाद बृहस्पतिवार को आदित्य की माता सविता देवी के मोबाइल पर फोन आया, जिसमें एक व्यक्ति ने आदित्य के अपहरण की पुष्टि करते हुए अपने पास सुरक्षित होने का दावा किया। परंतु फोन करने वाले ने मामले में पुलिस की मदद मांगने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी देते हुए फोन काट दिया था।
पटहेरवा पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी थी। बृहस्पतिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या सिंह, पटहेरवा पुलिस व स्वॉट समेत अन्य पुलिस कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे। आदित्य के परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उस कोचिंग सेंटर के संचालक से भी पूछताछ की, जहां बालक आदित्य पढ़ने गया हुआ था।