गोरखपुर जिले के गगहा इलाके के पिछौरा गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने शनिवार रात दस बजे बीयर की दुकान के सेल्समैन राजकुमार से 40 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। राजकुमार मझगांवा-नर्रे रोड पर स्थित दुकान को बंद कर बिक्री का पैसा लेकर अपने गांव सोनइचा जा रहा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, सोनइचा निवासी राजकुमार प्रतिदिन दुकान बंद करने के बाद बिक्री का पैसा लेकर घर जाता है। शनिवार को भी रात में दुकान बंद करने के बाद घर जा रहा था। राजकुमार का कहना है कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच रुपये और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
राजकुमार ने घर पहुंचने के बाद दूसरे मोबाइल फोन से लूट की जानकारी पहले मालिक फिर पुलिस को दी। सूचना पाकर सीओ बांसगांव राहुल भाटी और गगहा थानेदार अमित कुमार दुबे मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल के पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। इंस्पेक्टर अमित दुबे ने कहा कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।
धारदार हथियार के बल पर नकदी लूटी
इलाके के तरैनापुल के पास बदमाशों ने धारदार हथियार के बल पर शनिवार की रात पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। जानकारी के मुताबिक, बेलघाट के मिश्रौलिया निवासी महावीर मिश्रा के साथ घर लौटते समय वारदात हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।