जेई ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया।
- फोटो : अमर उजाला।
संतकबीरनगर जिले के विद्युत उपकेंद्र खलीलाबाद में तैनात जेई ने खलीलाबाद के भाजपा विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और उनके कुछ सहयोगियों पर पीटने का आरोप लगाते हुए बुधवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंपी है। घटना 30 दिसंबर की बताई गई है।
विद्युत उपकेंद्र खलीलाबाद में तैनात जेई अश्वनी पांडेय का आरोप है कि गोरखल गैस गोदाम के पीछे विधियानी मोड़ पर ईदगाह मोहल्ले में कुछ लोगों की ओर से 29 दिसंबर को अवैध तरीके से बिजली लाइन के लिए कार्य किया जा रहा था।
जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंच गए और काम रुकवा दिया। 30 दिसंबर को उसके सीयूजी नंबर पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को विधायक जय चौबे बताया और मुखलिसपुर रोड स्थित आवास पर बुलाया। वह विधायक के आवास पर गए। उनके पहुंचते ही विधायक अपशब्द कहते हुए उन्हें पीटने लगे।
उसके बाद सेमरियावां ब्लॉक के प्रमुख मुमताज अहमद और 15 अज्ञात लोगों ने अपशब्द कहते हुए उन्हें लात-मुक्कों से पीटा। इस घटना से वह काफी डर गए। वहां से किसी तरह निकलकर उन्होंने पहले उपचार कराया। उसके बाद एसपी दफ्तर पहुंचे।
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने कहा कि मामले की जांच सीओ सदर गयादत्त मिश्र को दी गई। जांच के बाद जैसी स्थिति होगी, कार्रवाई की जाएगी।