रुद्रपुर सीट से विधायक जयप्रकाश निषाद और बांसी सीट से विधायक जयप्रताप सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
बस्ती-गोरखपुर मंडल के दो मंत्रियों को योगी सरकार 2.0 में जगह नहीं मिली है। इनमें स्वास्थ्य मंत्री रहे व सिद्धार्थनगर की बांसी सीट से विधायक जयप्रताप सिंह व देवरिया की रुद्रपुर सीट से विधायक जयप्रकाश निषाद का नाम शामिल है। दूसरी तरफ, मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे कुछ और विधायकों को भी झटका लगा है।
योगी सरकार 1.0 में गोरखपुर-बस्ती मंडल को अच्छा प्रतिनिधित्व मिला था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से थे। इसके बावजूद मंडल के देवरिया से विधायक सूर्य प्रताप शाही और जय प्रकाश निषाद को मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी। इस बार सूर्य प्रताप शाही को मंत्री बनाया गया, लेकिन जय प्रकाश निषाद को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। हालांकि, देवरिया का कोटा कम नहीं किया गया है।
सलेमपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीतने वाली विजय लक्ष्मी गौतम को योगी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। बस्ती और सिद्धार्थनगर में करारी शिकस्त का खामियाजा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रहे जय प्रताप सिंह को भुगतना पड़ा है। जय प्रताप सिंह को योगी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी है। बेसिक शिक्षामंत्री रहे डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी पहले ही चुनाव हार चुके हैं।
लिहाजा, बस्ती मंडल के दो मंत्रियों का प्रतिनिधित्व नहीं मिल सका है। विधानसभा चुनाव में बस्ती की पांच में से चार सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। सिद्धार्थनगर की पांच में से दो सीटें भी भाजपा हार गई थी। 2017 के चुनाव में इन जिलों की सभी सीटों पर भाजपा की जीत हुई थी।