गोरखपुर जिले के बेलीपार इलाके के जंगल रानी सोहास कुंवरी गांव में शुक्रवार की रात बदमाशों ने प्रधान पति डॉ चंद्रशेखर सिंह पर फायरिंग कर दी। प्रधान पति ने किसी तरह भागकर जान बचाई। हमलावरों की फायरिंग में उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रधान पति ने पूर्व प्रधान पर हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पिपरौली ब्लॉक के जंगल रानी सोहास कुंवरी ग्राम सभा में नीतू सिंह पत्नी डॉ. चंद्रशेखर सिंह प्रधान चुनी गई हैं। बताया जा रहा है कि चुनाव में पूर्व प्रधान प्रीति शाही के पति शिव प्रकाश उर्फ बब्लू शाही उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी थे। पुलिस को दी तहरीर में डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा है कि शुक्रवार रात वह एक शादी समारोह में शामिल होने अपने सहयोगी जयनारायन शाही के साथ जा रहे थे।
एक दूसरी गाड़ी में चंद्रशेखर के चचेरे भाई चंदन सिंह और लाला मौर्य आदि भी थे। चंद्रशेखर का आरोप है कि गांव के बड़ेरिया टोले में पहुंचे थे कि वहां पूर्व प्रधान अपने समर्थकों के साथ पहले से घात लगाकर बैठे थे। पास आते ही उनकी गाड़ियों पर लाठी डंडे से हमला कर दिया।
चंद्रशेखर का कहना है कि बड़ी संख्या में हमलावरों को देख वह जान बचाने के लिए भागे तो गांव के बाहर पुल्लू सिंह के बगीचे के पास बाइक से पहुंचे आरोपितों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गाड़ी की लाइट में दो लोगों को फायरिंग करते पहचान लिया। चंद्रशेखर ने बेलीपार पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।