महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी चौक बाजार में होनी थी। वहां से रविवार को बरात आनी थी। सभी रिश्तेदार आ चुके थे। इसी बीच वर पक्ष से फोन पर सूचना आया कि शादी नहीं होगी। इसके बाद हाथ में मेहंदी रचाए दुल्हन एसपी कार्यालय पहुंच गई।
युवती के अनुसार ननिहाल में उसको नेवासा मिला है। ननिहाल में रहने के दौरान ही युवती चौक क्षेत्र के इस युवक से मोहब्बत हो गईl इसके बाद 16 मई को शादी की तिथि तय हुई।
आरोप है कि युवक उसके साथ शादी के नाम पर कई बार शारीरिक संबंध भी बना चुका है। दहेज के लिए रकम भी दिया गया है, लेकिन लड़के ने शादी से मना कर दिया।
मामले को महिला थाने से चौक थाने भेज दिया गया, जहां दिनभर पंचायत होती रही। लेकिन बात नहीं बनी। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने मामले में दोनों पक्षों की ओर से बातचीत का दौर शुरू होने की पुष्टि की है।