गोरखपुर जिले के खजनी इलाके के छताई के पास से गोली मारकर कपड़ा व्यापारी सदरुद्दीन से बैग लूटने का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 1.88 लाख 5 सौ रुपये नकद बरामद कर लिया है। घटना के समय गोली मारने का मुख्य आरोपी समेत चार अभी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस ने त्रिनेत्र एप और डोजियर की मदद से घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेजा गया है।
आरोपियों की पहचान बेलघाट के इकौना बुजुर्ग निवासी श्याम सिंह यादव और जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। फरार आरोपियों की पहचान सिरसा पोखरा नगर निवासी विवेक उर्फ विवेकानंद, खजनी के सीयर निवासी दिनेश यादव, यही के सर्वेश, बेलघाट के मीरपुर निवासी प्रदुम्न के रूप में हुई है। इनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
एसएसपी डॉ. विपुल ताडा ने प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर गई तो एक मोबाइल फोन बरामद हो गया था। उस मोबाइल में ही एक फोटो मिला जिसे त्रिनेत्र एप पर डाला तो तीन मिलते जुलते फोटो सामने आए। इसके बाद पुलिस ने डोजियर की मदद से एक बदमाश की पहचान दिनेश यादव के रूप में हो गई।
इस आधार पर पुलिस दिनेश यादव और उसके साथियों की तलाश में लगी थी। सर्विलांस की मदद से घटना के समय दिनेश से बातचीत करने वाले सहयोगियों की पहचान हो गई। जांच में पता चला कि बदमाश संतकबीरनगर में अपने रिश्तेदार विवेकानंद यादव और बेलघाट के साथियों के साथ वारदात किए है।
पुलिस दिनेश की तलाश में थी कि खजनी इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को सूचना मिली कि बड़डाड़ तिराहे के पास बदमाश खड़े हैं। स्वाट टीम के चंद्रभान सिंह भी वहां पर पहुंच गए। पुलिस ने डोमरघाट तिराहे के पास से बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने जितेंद्र यादव के पास 74 हजार पांच सौ और जितेंद्र के पास से एक लाख 14 हजार रुपये मिले है। बदमाशों ने बताया कि भागते समय मोबाइल वहीं पर गिर गया था।