गोरखपुर जिले के झंगहा इलाके के लैला मोड़ के पास से मंगलवार को सीआईएसएफ जवान की मां के गले से सोने की चेन लेकर जालसाज फरार हो गया। जालसाज ने महिला को बताया कि वह उनके बेटे का दोस्त है और चेन को मोटा कराने के लिए बेटे ने रुपये दिए हैं। चेन गंवाने के कुछ देर बाद महिला को जालसाजी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, झंगहा थाना क्षेत्र के डीहघाट गांव निवासी 62 वर्षीय बरफी देवी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बरही चौराहे पर गईं थीं। सामानों की खरीदारी कर घर लौट रहीं थीं कि इसी दौरान एक युवक आया और बरफी को घर के पास छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया।
आगे लैला मोड़ पर पहुंचने के बाद जालसाज ने बताया कि आपका बेटा जो सीआईएसएफ में तैनात है, मैं उसके साथ ही काम करता हूं। आपके पुत्र ने घर आते वक्त मुझे नौ हजार रुपये दिए हैं, आपका माला और अधिक वजन का बनवाना है।
उचक्के ने अपने को बगल में स्थित भगने गांव का निवासी बताया। उसकी बातों में आकर बरफी देवी ने गले से चेन निकाल कर दे दी जिसे लेकर वह फरार हो गया। बरफी देवी ने बताया कि चेन की कीमत करीब 45 हजार थी।