इंदिरा बाल विहार में अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए एक बार फिर मंथन शुरू हो गया है। जीडीए उपाध्यक्ष ने मंगलवार को इंदिरा बाल विहार का निरीक्षण किया। बेतरतीब खड़ी गाड़ियों से लगने वाले जाम को देखकर उन्होंने साथ गए अभियंताओं से बात की। बताया गया कि पूर्व में वहां अंडरग्राउंड पार्किंग को लेकर तैयारी चल रही थी, मगर मुकाम तक नहीं पहुंच सकी। इस पर उपाध्यक्ष ने प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। तय हुआ कि नीचे गाड़ियों की पार्किंग होगी और ऊपर पार्क होगा। जिन्हें पार्क में दुकानें आवंटित हैं, उनके लिए भी कमर्शियल स्पेस देने का निर्णय हुआ है। उपाध्यक्ष ने अभियंत्रण अनुभाग को सप्ताह भर के भीतर डिटेल प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।
रेलवे स्टेशन के सामने से कब्जा खाली कराएगा जीडीए
इंदिरा बाल विहार से पहले जीडीए उपाध्यक्ष ने रेलवे स्टेशन के पास सिंचाई डाक बंगला के सामने होटल के लिए आवंटित करोड़ों रुपये लागत की जमीन का निरीक्षण किया। यहां बंजारों का कब्जा है। सपा सरकार में जमीन को खाली कराकर इसकी बाउंड्री करा दी गई थी लेकिन एक बार फिर बंजारों का कब्जा हो गया है। यहां 10000 वर्ग फीट और 6000 वर्ग फीट के दो प्लाट का आवंटन होटल निर्माण के लिए हुआ है। अवैध कब्जा के चलते आवंटी भी किस्त नहीं जमा कर रहे हैं। इस जगह को जल्द खाली कराने का निर्णय हुआ है। उपाध्यक्ष ने रेलवे स्टेशन के पास आवंटित दुकानों के बीच गलियों पर कब्जा होने को लेकर आपत्ति दर्ज की। इसकी रिपोर्ट भी मांगी है। इस दौरान सचिव यूपी सिंह, संपत्ति अधिकारी इन्द्रजीत सिंह, यशवंत सिंह आदि उपस्थित रहे।