गोरखपुर जिले के गोला इलाके में घर से दुकान जाने के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक से हुई 7 लाख की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने छह लाख 26 हजार रुपये बरामद कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों को तरिया पुल के पास से मुठभेड़ के दौरान पकड़ा है।
आरोपियों की पहचान गोला इलाके के नारायणपुर खुर्द गांव निवासी सौरभ त्रिपाठी, उरुवा बाजार निवासी अभिषेक यादव, मनीष कुमार प्रजापति, गोला के भरो निवासी प्रतीक पाठक के रूप में हुई है।
एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 10 फरवरी को मेडिकल स्टोर संचालक के साथ लूट की घटना हुई थी बदमाशों की संख्या 4 से ज्यादा होने की वजह से डकैती की धारा में केस दर्ज किया गया था।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम के अलावा क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया था। सोमवार की सुबह पकवा पुल के पास बदमाशों के होने की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही बदमाश फायर कर भागने लगे मगर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम को एसएसपी की ओर से 25 हजार का इनाम दिया गया है।