स्मार्ट मीटर लगने के बाद समय से बिजली का बिल न जमा न होने पर उपभोक्ताओं की आपूर्ति उपकेंद्र से ही बंद हो जाएगी। इसके लिए स्मार्ट मीटर में विशेष साफ्टवेयर का प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद कनेक्शन तभी जुड़ेगा, जब बिजली बिल जमा होने की सूचना साफ्टवेयर तक पहुंचेगी। तीन महीने पहले तक बकाएदारी में कनेक्शन काटे जाते थे, लेकिन अब अलग-अलग खंड में इक्के दुक्के कनेक्शन ही ऐसे काटे जाते हैं।
एप बताएगा कितनी हो रही खपत
उपभोक्ताओं को मोबाइल पर स्मार्ट कंज्यूमर एप डाउनलोड करना होगा। कनेक्शन नंबर अपलोड करने के बाद यह एप स्मार्ट मीटर के तेज चलने पर भी उपभोक्ता को अलर्ट करेगा। मोबाइल से ही मीटर को बंद भी किया जा सकेगा। इससे घर की बिजली बंद हो जाएगी। मीटर से छेड़छाड़ होने की स्थिति में मैसेज भी प्राप्त होगा।
अगले महीने शुरू हो सकता है काम
यूपी पावर कारपोरेशन अगले महीने से 4जी स्मार्ट मीटर लगवाने का काम शुरू कर सकती है। यह 4जी सिम की मदद से संचालित होगा। इसके जरिए सूचनाओं के आदान-प्रदान में सहूलियत होगी। दरअसल, सूत्रों ने बताया कि इसका प्रस्ताव शासन के पास भेज दिया गया है। सभी तैयारियां भी हो चुकी हैं। अगर सब कुछ सही रहा तो नवंबर से इसे लगाने की अनुमति मिल जाएगी। अभी स्मार्ट मीटर लगाने का काम बंद है।