गोरखपुर जिला अस्पताल में पिछले पांच दिनों डिजिटल एक्सरे की प्लेट खत्म होने से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। मजबूरी में मरीज निजी लैब में एक्स-रे करा रहे हैं। जबकि, प्रतिदिन 60 से 70 मरीज एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं। शुक्रवार को कई मरीज इसकी शिकायत लेकर एसआईसी के पास पहुंचे थे। एसआईसी ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल प्रतिदिन 60 से 70 मरीज डिजिटल एक्सरे के लिए पहुंचते हैं। डॉक्टर जरूरत के मुताबिक मरीजों को एक्स-रे की सलाह देते हैं। 26 जुलाई से जिला अस्पताल में एक्सरे प्लेट खत्म है। इसके बाद से मरीजों को एक्सरे के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पूछने पर कर्मचारी यह भी नहीं बता पा रहे हैं कि प्लेट कब तक आएगी? शुक्रवार को एक्सरे कराने पहुंचे मरीज राजेश कुमार ने इसकी शिकायत एसआईसी से की। बताया कि मजबूरी में निजी जांच केंद्रों पर रुपये देकर एक्सरे कराना पड़ा है।
पिपरौली के रामनुज तिवारी, तिलकधारी, सहजनवां की पार्वती और सुमित आदि मरीजों ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारी मशीन खराब होने की जानकारी देकर लौटा दे रहे हैं। एसआईसी डॉ. अभय चंद श्रीवास्तव ने बताया कि प्लेट खत्म होने के साथ में मशीन में कुछ खामियां आ गईं थीं। जिसके चलते मशीन बंद हो गई थी। इसे ठीक करा दिया गया है। शनिवार से एक्सरे शुरू कर दिया जाएगा।