गोरखपुर जिले में दुष्कर्म पीड़ित महिला की मदद की जगह आरोपी को बचाने के लिए दो गवाह मांगने के आरोपी दरोगा संतोष यादव के खिलाफ विभागीय जांच भी होगी। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने ऑडियो सुनने के बाद दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया है। जांच सीओ कैंट को सौंपी गई है। खबर है कि पुलिस ऑडियो की भी प्रयोगशाला में जांच कराएगी कि वह सही या नहीं।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर निवासी महिला गोरखपुर में किराये के मकान में रहती है। पति बाहर रहता है। आरोप है कि पड़ोसी ने बुढ़िया माई मंदिर से लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी पर बैठा लिया और फिर रास्ते में अपने साले के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। पहले तो महिला ने केस दर्ज नहीं किया, लेकिन बाद में वह थाने आई।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसी बीच विवेचक दरोगा संतोष यादव का एक ऑडियो आरोपी से बातचीत का सामने आ गया। पीड़िता खुद ऑडियो लेकर एसएसपी के पास पहुंची और सुनाया।
ऑडियो सुनने के बाद एसएसपी ने शनिवार को दरोगा संतोष यादव को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दे दिया है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।