सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज से डीसीएम पर कबाड़ कानपुर पहुंचाकर वापस आते समय गोंडा में ट्रक के डीसीएम में टक्कर मार देने से चालक की मौत हो गई। जबकि डीसीएम में सवार तीन लोगों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम हल्लौर निवासी बुद्धू (38) पुत्र जगदीश गांव के ही कबाड़ कारोबारी हबीब के यहां वाहन चलाने का काम करता था। दो दिन पूर्व वह डीसीएम पर गांव-गांव से खरीदे गए कबाड़ को लादकर कर कानपुर थोक व्यापारी के यहां पहुंचाया। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे वापस आते समय उनके साथ चार अन्य लोग भी सवार थे।
अभी वह लोग गोंडा के करीब पहुंचे थे कि डीसीएम को ट्राला ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक ऋषि कुमार देव उर्फ बुद्धू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि डीसीएम में सवार चार लोगों में से तीन लोगों ने तो कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर चालक बुद्धू के घर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई हर कोई इस हादसे से दुखी है। उसके घर पर परिजनों कर रो-रोकर बुरा हाल है।