गोरखपुर जिले के गीडा इलाके के कोलिया के पास गुरुवार की सुबह 3.30 बजे खड़े ट्रक में कैशवैन टकरा गई। हादसे में सीएमएस कंपनी के कस्टोडियन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गनर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे के बाद कैश वैन का चालक फरार हो गया। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सिकरीगंज क्षेत्र के हरिहरपुर लोनहा गांव निवासी प्रदीप मणि त्रिपाठी (45) सिक्योरिटी कंपनी सीएमएस में कस्टोडियन के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को एचडीएफसी बैंक का कैश लेकर लखनऊ जमा करने गए थे। उनके साथ दो गनर एवं एक अन्य कर्मचारी भी थे। रुपया जमा कर सभी गुरुवार को गोरखपुर आ रहे थे।
सुबह करीब 3.30 बजे वह गीडा क्षेत्र के कोलिया के पास पहुंचे थे कि हाइवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से कैश वैन टकरा गई। हादसे में गाड़ी का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सिर में गंभीर चोट आने प्रदीप मणि की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे कर्मचारी राजन कन्नौजिया, गनमैन बलकरण और रामसुमेर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद चालक विनोद निषाद गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची जहां, डॉक्टर ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। राजन कन्नौजिया की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के बेटे प्रवीण की तहरीर पर चालक प्रवीण निषाद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है।