उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव की नवविवाहिता पति को चकमा देकर प्रेमी संग फरार हो गई है। पति ने पुलिस से प्रेमी के चंगुल से पत्नी को मुक्त कराने की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि पत्नी अपने साथ सात जेवर और करीब 45 हजार रुपये नगदी लेकर भाग गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक चाय दुकानदार की सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में इसी साल मई माह में धूमधाम से शादी हुई। हालांकि नवविवाहिता का पहले से ही मायके के किसी युवक से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। वह पति के मोबाइल फोन से उससे बात करते हुए पकड़ी भी गई थी। इसके बाद पति ने प्रेमी को फोन पर ही काफी समझाया था कि पहले जो हुआ सो हुआ। अब शादी हो गई है। अब सुधर जाइए। उधर पत्नी को भी समझाया। लेकिन फिर भी वह प्रेमी संग बात करती रही।
नवविवाहिता को शनिवार की रात पति ने फिर प्रेमी संग बात करते हुए पकड़ लिया। उसने ससुराल में भी इसकी शिकायत की। लेकिन बात नहीं बनी। नवविवाहिता रविवार भोर में घर छोड़ प्रेमी संग भाग गई। आरोप है कि वह अपने साथ सात जेवर और 45 हजार रुपये नगदी लेकर भागी है।
पति का कहना है कि शादी में कर्ज होने से उसे भरने के लिए मैं रोजाना अपनी कमाई में से एक हजार से बारह सौ रुपये पत्नी को देता था। ताकि रुपये इकट्ठा हो जाएगा तो कर्ज भर दिया जाएगा। वह इकठ्ठा किए गए रूपयों भी लेकर चली गई।
पति ने पुलिस को तहरीर देकर पत्नी को प्रेमी के चंगुल से मुक्त कराने की मांग किया है। उसने बताया कि चारों तरफ खोजबीन किया। कही उसका पता नहीं चला है। ससुराल वाले भी मेरा सहयोग नहीं कर रहे हैं। एसओ अनिल कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। नवविवाहिता की तलाश की जा रही हैं।