मृतक कारोबारी मनीष गुप्ता।(फाइल)
- फोटो : amar ujala
मनीष गुप्ता हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी सीबीआई रविवार शाम या सोमवार गोरखपुर आएगी। यहां मनीष के दोनों दोस्तों हरबीर सिंह और प्रदीप सिंह से पूछताछ के अलावा घटना का सीन रिक्रिएट कराया जाएगा।
सीबीआई ने दोनों को लखनऊ कार्यालय बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद दोनों दोस्त घर लौट गए हैं। मगर उन्हें सोमवार को गोरखपुर पहुंचने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि गोरखपुर में होटल के कमरे में न सिर्फ सीन रिक्रिएट कराया जाएगा, बल्कि आरोपियों से भी आमना सामना कराया जा सकता है।
कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता गुरुग्राम के दोस्त हरबीर सिंह और प्रदीप सिंह के साथ गोरखपुर आये थे। होटल में चेकिंग की दौरान पुलिस की पिटाई से मनीष की मौत का आरोप रामगढ़ताल थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर जेएन सिंह समेत छह पुलिस कर्मियों पर लगा था। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने हरबीर व प्रदीप से दो दिन तक लखनऊ में पूछताछ की है। अब उन्हें गोरखपुर पहुंचने के लिए कहा है।
सीबीआई की टीम रविवार शाम तक गोरखपुर आ सकती है। सीन रिक्रिएट कराने के बाद सीबीआई आरोपित पुलिस वालों को भी कस्टडी रिमांड पर ले सकती है। होटल से लेकर, रामगढ़ताल थाने की सरकारी जीप और अन्य स्थानों से केस से जुड़े कुछ मेडिकल और फॉरेंसिक सबूत भी सीबीआई जुटाएगी। इसीलिए सीबीआई इस बार मेडिकल, फॉरेंसिक सहित अन्य कई टीमें साथ लेकर आ रही है।