गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके की सूरजकुंड कॉलोनी और इलाहीबाग में एक युवक के घरों में कपड़ा फेंकने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। क्षेत्र के लोगों को संदेह है कि कोई कोरोना पीड़ित बीमारी को फैलाने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कपड़े को जलवा दिया है। युवक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर थाना क्षेत्र के सूरजकुंड पावर हाउस के पास के रहने वाले मनीष कुमार श्रीवास्तव दंत रोग के चिकित्सक हैं। मनीष कुमार की कार घर के सामने खड़ी रहती है। शनिवार की सुबह उनकी कार पर कपड़ा पड़ा मिला।
डॉक्टर मनीष ने जब सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो हरे रंग के कपड़े पहने साइकिल सवार युवक कपड़े फेंकता दिखा। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को हल्के से लेते हुए कपड़े को जलवा दिया। रविवार की सुबह भी कार पर एक कपड़ा फेंका गया था। सीसीटीवी कैमरे में फिर वही युवक कपड़ा फेंककर साइकिल से जाता दिखाई पड़ा।