पशु तस्करों का वाहन। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर जिले के चौरीचौरा इलाके के सोनबरसा बाजार में पशु तस्करों ने शुक्रवार की सुबह पुलिस वालों पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश की। खुद को बचाते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो तस्कर पिकअप छोड़कर फरार हो गए। पिकअप गाड़ी से आठ पशु बरामद हुए। अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोनबरसा चौकी प्रभारी मदनमोहन मिश्र, सिपाही प्रदीप कुमार और निलेश कुमार शुक्रवार की सुबह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे कि इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप पर गोवंश लेकर पशु तस्कर कसया की तरफ जा रहे हैं।
पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो पिकअप चालक ने पुलिसवालों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि खुद को बचाते हुए पुलिसवालों ने पीछा किया पिकअप चालक ने गाड़ी सोनबरसा हाइवे क्रासिंग से मोड़कर सरदारनगर की तरफ जाने के लिए सर्विस लेन में छोड़ दी और फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप पर से 8 राशि गोवंश बरामद किया। जिसमे 4 गाय और 4 बछड़े हैं। पुलिस ने पिकअप को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश, गोवध अधिनिवारण अधिनियम व 11पशु क्रुरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।