गोरखपुर में कोरोना वैक्सीनेशन।
- फोटो : अमर उजाला।
किशोरों के टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को कंपकंपाती ठंड के बावजूद जिले में 12368 अवयस्क बूथों तक पहुंचे और कोरोनारोधी टीका लगवाया। टीका लगवाने के बाद 15 से 18 वर्ष के किशोरों ने अपील की कि कोरोना से बचाव का सबसे बड़ा हथियार वैक्सीन ही है। इसलिए सभी योग्य लोग टीका जरूर लगवाएं।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी मंगलवार से किशोरों को टीका लगना शुरू हो गया है। सबसे पहला टीका आयुषी सिंह को लगाया गया। इसके बाद शालिनी, आरव मिश्रा, रागिनी, कुलदीप आदि को टीका लगाया गया।
टीका लगने के बाद सभी बेहद खुश नजर आए। आयुषी, आरव मिश्रा ने कहा कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित और असरदार है। ऐसे में टीका जरूर लगवाएं। प्राचार्य डॉ गणेश कुमार ने किशोरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नए वैरिएंट से बचाव में टीका ही सबसे बड़ा हथियार है। टीका लगवाने के बाद भी मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते रहिए।
वहीं, 331 बूथों पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के 35353 को कोरोना का टीका लगाया गया है। इसमें 24794 को पहली और 10559 को दूसरी डोज लगाई गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके पांडेय ने बताया कि किशोरों में टीका लगवान को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इसके अलावा 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग भी टीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं। जनवरी में 100 प्रतिशत टीकाकरण कर लेने का लक्ष्य है। वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। बूथों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।