सीएम योगी आदित्यनाथ। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इस साल दिसंबर तक 16 ऑपरेशन थियेटर (ओटी) और 300 बेड बनकर तैयार हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के सामने एम्स प्रशासन ने इसकी जानकारी साझा की। प्रशासन ने यह भी बताया है कि आईपीडी में 96 बेड भी बढ़ा दिए गए हैं। 300 बेड का वार्ड भी बनकर तैयार है। इसे अगले महीने में शुरू करने की योजना है। हालांकि, अभी 450 बेड वाले वार्ड के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि इसके बनने में अगले साल तक का समय लग जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द काम पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक एम्स में सुविधाएं धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही हैं। इन पेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) में बेडों की संख्या बढ़ाते हुए तीन नए ओटी भी बना दिए गए हैं। इन माड्यूलर ओटी में हर तरह के ऑपरेशन हो सकेंगे। इसके अलावा 14 और ओटी तैयार किए जा रहे हैं। ओटी के भवन पूरी तरह से तैयार हो गए हैं। जल्द ही ओटी में शामिल मशीनें भी एम्स को मिल जाएंगी।
जर्मनी और स्विट्जरलैंड से आएंगी मशीनें
एम्स में ड्यूल एनर्जी रेडियोथेरेपी मशीन भी जल्द ही लग जाएगी। इस मशीन की खरीदारी के लिए ऑर्डर भेजा जा चुका है। इसके लग जाने से पूर्वांचल के मरीजों को लखनऊ, दिल्ली और मुंबई नहीं जाना पड़ेगा। विभाग में ब्रेकीथेरेपी मशीन भी लगाई जाएगी। इससे स्तन और ओरल कैंसर के मरीजों की सिकाई हो सकेगी। लोकेशन और रेडिएशन की जगह का पता लगाने के लिए सीटी सेम्यूलेटर भी लगाया जाएगा। यह काम नवंबर से दिसंबर के बीच हो जाएगा। सभी मशीनें जर्मनी और स्विट्जरलैंड से यहां मंगाई जाएंगी।
टल सकता है प्रधानमंत्री का संभावित दौरा
एम्स और फर्टिलाइजर का काम अधूरा होने की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 18 अक्तूबर को संभावित दौरा टलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि एम्स और फर्टिलाइजर में अभी कुछ काम अधूरे हैं। यह नवंबर से दिसंबर तक पूरे हो सकेंगे। इसकी जानकारी भी संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दे दी है।
एम्स मीडिया प्रभारी डॉ. शशांक शेखर ने बताया कि एम्स में तीन माड्यूलर ओटी बनकर तैयार हो गए हैं। साथ ही आईपीडी में 96 बेड बढ़ा दिए गए हैं। नवंबर तक 14 और ओटी बनकर तैयार हो जाएंगे। साथ ही 300 बेड बन जाएंगे। हालांकि 450 बेड बनने में थोड़ा समय लगेगा।