गोरखपुर एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर जालसाजी करने का ‘खेल’ दिल्ली के द्वारिका से चल रहा है। इसके सुराग पुलिस को मिल गए हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट में नौकरी के नाम पर ठगी के लिए शहर के कई चौराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। इस लालच में फंसकर कइयों ने रुपये भी गंवा दिए। एक सप्ताह पहले एयरपोर्ट प्रशासन ने पत्र लिख मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने जांच कराई तो पता चला कि पोस्टर पर जो फोन नंबर दर्ज हैं, वह दिल्ली के द्वारका में रहने वाले जालसाजों के हैं।
एसपी सिटी ने ही एक पुलिसकर्मी से संबंधित मोबाइल नंबरों पर फोन कराया। पुलिस कर्मी ने अभ्यर्थी बनकर नौकरी करने की इच्छा जताई। इस पर जालसाजों ने अपना ईमेल आईडी दिया और सभी दस्तावेज मांगें। सिपाही ने दस्तावेज भेजा तो पैसे की मांग करने लगे।
यहीं से जालसाजी का मामला खुलकर सामने आ गया। एसपी सिटी ने कहा कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर किसी तरह की भर्ती नहीं हो रही है। इसपर एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया की स्थानीय इकाई ने सफाई भी दी गई है। लिहाजा, किसी को रुपये नहीं गंवाने चाहिए।