गोरखपुर चिड़ियाघर की बाउंड्री, आडिटोरियम का निर्माण कार्य करने वाली महाराष्ट्र की कंपनी के साथ जालसाजी का मामला सामने आया है। कंपनी के जीएम ने सहयोगी फर्म के सीईओ, संचालक समेत चार लोगों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि सहयोगी फर्म के संचालक ने लखनऊ में फर्जी खाता खोलकर पांच करोड़ रुपये का भुगतान करा लिया। कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर रामगढ़ताल पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे की एसएस कंट्रक्शन के जनरल मैनेजर रमेश भालचंद्र बोरनारकर ने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने लिखा है कि उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को चिड़ियाघर की बाउंड्री, आडिटोरियम का निर्माण कार्य कराने का जिम्मा मिला, जिसका टेंडर एसएस कंट्रक्शन को मिला था।