500 रुपये कमाने के चक्कर में गंवा दिए बीस हजार रुपये
चौरीचौरा इलाके में एक एटीएम के बाहर सोमवार को पांच सौ रुपये कमाने के चक्कर में एक युवक ने अपने बीस हजार रुपये गंवा दिए। रुमाल में बंधे 20,500 रुपये के कथित छोटे नोट के बदले दो जालसाजों ने युवक से 200 रुपयों की नोटों की गड्डी ले ली और चलते बने। युवक ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें रुपयों की जगह पर कागज की गड्डी थी। युवक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा के खैराबाद निवासी रामू निषाद सोमवार को एसबीआई शाखा स्थित एटीएम से रुपये निकालने गए थे। बीस हजार रुपये निकालकर जैसे ही बाहर आए तो दो जालसाजों ने कहा कि छोटे नोट ले ले लो,अपने बड़े नोट दे दो। उसके बदले में मुझसे पांच सौ रुपये ज्यादा ले लो। रामू, जालसाजों के झांसे में आ गए।
दो सौ की 20 हजार की गड्डी लेकर, रुमाल में बंधी कागज की गड्डी थमाकर जालसाज फरार हो गए। रामू ने घर जाकर रुमाल खोला तो पाया कि उसमें नोटों की जगह पर कागज की गड्डी थी। मंगलवार की दोपहर में रामू ने चौरीचौरा पुलिस को घटना की तहरीर देकर कार्रवाई का अनुरोध किया है।