विधानसभा चुनाव के लिए करीब एक लाख मतपत्र शनिवार को प्रयागराज से छपकर गोरखपुर पहुंच गए। अब विधानसभावार ईवीएम के बैलेट यूनिट में इसे सेट करने का काम शुरू हो जाएगा। उधर रविवार से शुरू हो रहे मतदान कार्मिकों के दूसरे चरण के प्रशिक्षण में इन कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट से वोट डालने का मौका भी मिलेगा। मतदान कर्मचारियों के लिए पोस्टल बैलेट की छपाई जिले में ही कराई गई है।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के कला संकाय के 30 कक्ष में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। उसी दिन से मतदान कार्मिक, मतपत्रों के जरिए वोट भी डाल सकेंगे। एक दिन में दोनों पाली मिलाकर 2400 कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं। मतदान कार्मिकों का विधानसभावार रैंडमाइजेशन किया जा चुका है।
सभी के लिए विधानसभा निर्धारित हो चुकी है। मतदान कार्मिकों के वाहन, कला संकाय के सामने क्रीड़ांगन में खड़े किए जाएंगे। 20 से 28 फरवरी तक प्रतिदिन चलने वाले प्रशिक्षण में हर पाली में 1200 कर्मियों को बुलाया जा रहा है। इस बार पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय एवं मतदान अधिकारी तृतीय को बुलाया गया है।
पोलिंग पार्टियों का गठन भी हो चुका है। प्रशिक्षण के दौरान मतदान शुरू होने से लेकर मतदान समाप्त होने व स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करने तक की जानकारी मतदान कर्मचारियों को दिया जाएगा।