दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी जो तकनीकी दक्षता में निपुण हैं, उनके लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 विद्यार्थियों को अपनी महत्वाकांक्षी योजना अर्न बाय लर्न के अंतर्गत रोजगार के अवसर मुहैया कराने का निर्णय लिया है।
विश्वविद्यालय में परास्नातक या पीएचडी में नामांकित अभ्यर्थी अपने बॉयोडाटा के साथ एक कवरिंग लेटर आईक्यूएस की ईमेल आईडी
iqacddu@gmail.com पर 26 अक्तूबर तक भेज सकते हैं। चयनित युवाओं से आईक्यूएसी सेल में कार्य लिया जाएगा। आवेदनकर्ता को आईटी स्किल में दक्ष होना अनिवार्य है।
दरअसल, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह के मार्गदर्शन में अर्न बाय लर्न योजना को इसी वर्ष लांच किया गया है। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान कुछ घंटे उनकी योग्यता के मुताबिक विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कार्य लिया जाता है। इसके एवज में विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थी को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है।