एमएमएमयूटी में पुरातन छात्र एकादश और छात्र एकादश की क्रिकेट टीम।
- फोटो : अमर उजाला।
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में चल रहे दो दिवसीय पुरातन छात्र सम्मेेलन का मंगलवार को समापन हो गया। सभी पुरातन छात्र छात्रावास से लेकर विभागाें का भ्रमण किया। हॉस्टल की जर्जर हालत और छात्रों की समस्या को देखकर उन्होंने उसके जीर्णोद्धार और नए हाॅस्टल के निर्माण में मदद के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को आश्वासन भी दे दिया। पुरातन छात्रों ने एक स्वर में कहा कि हास्टल की बेहतरी की योजना में एल्युमिनाई एसोसिएशन हर संभव मदद करेगा।
उच्चीकृत होगी विभागों की प्रयोगशाला
परिसर भ्रमण के बाद विश्वविद्यालय के बहुद्देशीय सभागार में आयोजित एल्युमिनाई मंथन सत्र में सभी एल्युमिनाई ने एक स्वर से उच्च गुणवत्ता का हाॅस्टल बनाने का सुझाव दिया। कहा कि एल्युमिनाई अपने-अपने विभाग की प्रयोगशाला को उच्चीकृत करने में हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। मंथन के दौरान एल्युमिनाई की ओर से नया एलुमिनाई भवन का सुझाव व प्रस्ताव भी सामने आया, जिसपर सभी ने एक स्वर से सहमति जताई। सभी की ओर से विद्यार्थियों की कौशल वृद्धि के लिए हैक फेस्ट, कार्यशाला, संगोष्ठी, इंटर्नशिप आयोजित करने, उद्योग जगत से संपर्क बढ़ाने, कैंपस प्लसमेंट बढ़ाने की आवश्यकता जताते हुए हर स्तर पर सहयोग की बात कही।
इस दौरान एलुमिनाई एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष ई. जेबी राय, सचिव प्रो. वीके द्विवेदी, सिल्वर जुबिली बैच के प्रतिनिधि डॉ. प्रभाकर तिवारी एलुमिनाई एमपी कंडोई, आरपी त्रिपाठी, संदीप गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। विश्वविद्यालय की ओर से अधिष्ठाता एल्युमिनाई मामले और अधिष्ठाता संकाय मामले प्रो. यूसी जायसवाल की मौजूदगी रही।