अभिनेता जॉनी लीवर ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया है। जॉनी लीवर की पहचान इंडस्ट्री में एक दिग्गज अभिनेता के साथ-साथ एक कॉमेडी स्टार के रूप में होती है। पर्दे के पीछे, अभिनेता की जिंदगी काफी संघर्षों से भरी रही है, जिसके बारे में कम लोग ही जानते होंगे। जॉनी लीवर ने हाल ही में बातचीत के दौरान अपने बचपन की घटनाओं के बारे में बात की। इसके साथ ही उन्होंने अपने पिता की शराब की लत के बारे में भी बताया।
पिता की नशे की आदत से परेशान थे जॉनी
जॉनी लीवर का जन्म मुंबई के धारावी इलाके में हुआ है, वहीं से उन्होंने अपनी स्कूल की पढाई की है। उन्होंने बताया कि जब वे 13 वर्ष के थे, तो उनके पिता को शराब की लत थी। अपने पिता की नशे की आदत से परेशान होकर वे रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने के बारे में सोचने लगे थे। हालांकि, उन्होंने अपने परिवार को देखते हुए ऐसा नहीं किया। अभिनेता ने बताया, 'उस समय उनकी आखों के सामने उनकी बहन का विचार आया, जिसने उन्हें आत्महत्या ना करने के बजाय जिम्मेदारी उठाने के लिए प्रेरित किया।'
यह भी पढ़ें: Jackky Bhagnani: एक्टर के बाद प्रोड्यूसर बने जैकी भगनानी, पिता वासु भगनानी की विरासत को बढ़ाया आगे
धारावी में हुई घटनाओं के बारे में किया खुलासा
जॉनी लीवर ने आगे कहा कि उन्होंने धारावी में हुई हत्याओं सहित हिंसा की लगातार घटनाओं को देखा है, जो उनके पड़ोस में दुखद रूप से आम बात थी। अभिनेता ने बताया, 'हम धारावी में हर दिन हत्याएं देखते थे। जब हम स्कूल जाते थे, तो सड़क के किनारे या तो किसी की लाश पड़ी होती थी या किसी ने किसी को काटकर फेंक दिया होता था। हमें उसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता था और हमेशा हमें यही सब देखने को मिलता था।'
जॉनी लिवर का वर्कफ्रंट
गौरतलब है कि जॉनी ने अपने करियर की शुरुआत साल 1981 में आई फिल्म 'ये रिश्ता ना टूटे' में एक छोटी सी भूमिका से की थी। उन्होंने अपने करियर में सौ से अधिक फिल्मों में काम किया है, जिनमें 'तेजाब', 'खिलाड़ी', 'बाजीगर', 'करण अर्जुन', 'राजा हिंदुस्तानी', 'बॉस', 'एंटरटेनमेंट', 'हाउसफुल- 4' जैसे कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। जॉनी इस साल 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आएंगे। इस फिल्म में अक्षय कुमार, संजय दत्त, अरशद वारसी और श्रेयस तलपड़े भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। 'वेलकम टू द जंगल' 20 दिसंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
यह भी पढ़ें: Deepika Padukone: 'द व्हाइट लोटस सीजन 3' का हिस्सा नहीं बनेंगी दीपिका पादुकोण? इस वजह से सीरीज से हुईं बाहर!