टीवी जगत के सबसे मशहूर शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा के जेठालाल यानी दिलीप जोशी ने इस दिवाली नई कार ली है। दिलीप जोशी ने 12.29 लाख रुपये की ब्लैक कलर की चमचमाती 'किआ सोनेट सबकॉम्पैक्ट एसयूवी कार खरीदी है। मशहूर पैपराजी विरल भयानी ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें दिलीप जोशी नई कार के साथ दिखाई दे रहे हैं। उनका पूरा परिवार कार के साथ फोटो खिंचवाते हुए दिख रहा है। जेठालाल की परिवार के साथ कार वाली तस्वीर इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है।
इस तस्वीर पर यूजर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। तारक मेहता का उल्टा चश्मा को दर्शक काफी पसंद करते हैं। जेठालाल इस शो के मुख्य कलाकार हैं। वह घर-घर लोकप्रिय हैं और उनकी फैन फॉलोइंग अच्छी खासी है। उनके नई कार खरीदने पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।एक यूजर ने लिखा है, कुछ दिनों में यह कार जेठालाल बबीता जी को गिफ्ट कर देंगे। वहीं, एक अन्य ने यूजर ने जेठालाल को कार लेने पर बधाई दी है। एक यूजर ने पूछा कि क्या यह कार गोकुलधाम सोसाइटी में भी दिखेगी?
गौरतलब है कि किआ सॉनेट अपने सेगमेंट में बेहद पॉपुलर कार है। यह सेल्टोस के बाद भारत में सबसे अधिक बिकने वाला मॉडल है। मॉडल अपने स्पोर्टी डिजाइन, फीचर्स की एक लंबी लिस्ट और फास्ट पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ आता है। सबकॉम्पैक्ट एसयूवी 1.2-लीटर नैचुरली-एस्पिरेटेड पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन ऑप्शन्स में आती है।