साई धर्म तेज ने हाल ही में अपने नए प्रोडक्शन हाउस, अपनी शॉर्ट फिल्म और अपना नाम बदलने के बारे में बात करने के लिए हैदराबाद में एक प्रेस मीट आयोजित की। अभिनेता ने मीडिया के सामने खुलासा किया कि उन्होंने अपना नाम बदल लिया है। साथ ही उन्होंने इसके पीछे का कारण भी साझा किया है।
सबसे पहले, अभिनेता ने घोषणा की कि वह अपनी मां का नाम अपने मध्य नाम के रूप में ले रहे हैं और अब से वह खुद को साई दुर्गा तेज कहलाना पसंद करेंगे। अभिनेता ने यह घोषणा शिवरात्रि और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत के दौरान की। शनिवार को, अभिनेता ने एक और एलान में बताया कि वह अपनी मां के नाम पर अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस लॉन्च कर रहे हैं।
अपनी खुशी जाहिर करते हुए साउथ अभिनेता ने कहा, 'जब से मैंने फिल्मों में काम करना शुरू किया, मैं अपनी मां के नाम पर एक प्रोडक्शन हाउस स्थापित करना चाहता था। मेरी मां हमेशा मेरे साथ रहें, इसलिए मैं अपना नाम बदलकर साई दुर्गा तेज रख रहा हूं।' उन्होंने अपने जीवन की तीन महत्वपूर्ण महिलाओं के बारे में बात करते हुए प्रेस को बताया, 'मेरी दादी अंजना देवी, मेरी मां और छोटी बहन माधवी मेरी खुशी का सबसे बड़ा स्रोत हैं।'
Ramayana: नितेश तिवारी की 'रामायण' से कटा विजय सेतुपति का पत्ता? ये सितारा निभाएगा विभीषण का किरदार!
साई दुर्गा तेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'नई शुरुआत। मेरी मां को उनके नाम पर एक छोटा सा उपहार देने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। हमारा प्रोडक्शन हाउस विजय दुर्गा प्रोडक्शन।' इस अवसर पर अभिनेता ने अपने चाचा, अभिनेता चिरंजीवी, नागा बाबू और पवन कल्याण को भी धन्यवाद दिया। इसके आगे उन्होंने लिखा, 'मेरे निर्माता दिल राजू गारू जिन्होंने मुझे अपना शुरुआती करियर बनाने में मदद की। एक अनमोल सहयोग के साथ इसे लॉन्च करने की खुशी है।'