फराह खान, अरबाज खान के चैट शो 'पिंच' के अगले एपिसोड में शामिल होंगी, जहां वो कई सवालों के जवाब देंगी। इसका एक टीजर भी जारी हो चुका है। आपको बता दें कि एक ट्रोलर ने फराह खान से पूछा था कि 'मोटी के बच्चे इतने सूखे क्यों हैं?' फराह इस शो में इसका भी जवाब देंगी कि उन्होंने ट्रोलर्स को क्या जवाब दिया? आपको बता दें कि पिंच शो के पिछले एपिसोडों में कई तरह के खुलासे हुए हैं।
इस बार कोरियोग्राफर-निर्देशक फराह खान इस शो की मेहमान होंगी और कई खुलासे करेंगी। इसके प्रोमो में फराह खान ने यह बात कबूल की है कि वो उन ट्रोलर्स को ब्लॉक करती हैं, जो उन्हें 'तीस मार खान' के लिए ट्रोल करते हैं। फराह ऐसे ट्रोलर्स से कहती हैं कि भाई अब 10 साल हो चुके, आगे बढ़ जा अब। वो ट्रोलर्स के खिलाफ अपना गुस्सा यह कहकर उतारती हैं कि जिसके पास फोन है, वो क्रिटिक है, और हमें फिल्में के बारे में सब मालूम हैं।
फराह ने बताया कि अगर वो अपने ट्विटर अकाउंट पर "हैलो" भी लिखती हैं, तो ट्रोलर्स कहते है, 'नमस्ते नहीं बोल सकती, सलाम नहीं बोल सकती।' जब एक यूजर ने उनके बच्चों का मजाक बनाते हुए कहा कि आपके बच्चे इतने सूखे क्यों हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि भाई तू अपने बच्चों को संभाल, मैं अपने को संभाल लूंगी। फराह खान का कहना है कि वो ट्रोलर्स को गंभीरता से नहीं लेती हैं। उन्होंने नेपोटिज्म के मुद्दे पर कहा कि नेपोटिज्म के बारे में बात करने के बाद भी आप शाहरुख की बेटी या करीना के बेटे की तस्वीरों को ही देखना पसंद करते हैं।