एआर रहमान अपने चेन्नई कॉन्सर्ट में खराब प्रबंधन को लेकर सुर्खियों में थे । संगीतकार ने इस उपद्रव के लिए जिम्मेदारी ली और माफी भी मांगी थी। कई लोगों ने उन पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया था। अब उनकी बेटियों रहीमा और खतीजा ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और अपने पिता को समर्थन भी दिया था। अब एक बार फिर सिंगर आलोचना का शिकार हो गए हैं।
हाल ही में एआर रहमान ने 10 सितंबर को चेन्नई में अपने विवादित संगीत कार्यक्रम की एक हाइलाइट रील साझा की है । इस रील के साझा करते ही लोगों ने सिंगर की आलोचना करनी शुरू कर दी। एक यूजर ने लिखा, 'आपको अभी तक शर्म नहीं आई है। माफी मांगने के बाद भी इस रील को साझा कर रहे हैं।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'हम आपको समझने में असमर्थ हैं। माफी मांगने के बाद भी आप अपना स्टारडम दिखा रहे हैं।'
सोशल मीडिया पर हो रही लगातार आलोचनाओं को देखते हुए सिंगर ने अपने कमेंट सेक्शन को ही डिसेबल कर दिया, जिससे की वह बाकी लोगों की आलोचनाओं से बच सकें। हालांकि, लोग एआर रहमान के इस व्यवहार से बिल्कुल भी खुश नजर नहीं आ रहे हैं।