इंजीनियरिंग शिक्षा पाठ्यक्रमों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा यानी जेईई के चौथे चरण के लिए पंजीकरण शुक्रवार, नौ जुलाई, 2021 से पुन: शुरू हो गया था। यह पंजीकरण पोर्टल आज मध्य रात्रि यानी सोमवार 12 जुलाई को बंद हो रहा है। ऐसा उन छात्रों को दूसरा मौका देने के लिए किया जा रहा है, जो कोरोना महामारी या लॉकडाउन या अन्य किसी भी कारण से मई सत्र की परीक्षा के लिए पंजीकरण नहीं कर पाए थे। ऐसे उम्मीदवार अब 12 जुलाई, 2021 की रात्रि 11.50 बजे तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
आवेदन संशोधन एवं परीक्षा केंद्र परिवर्तन का भी अंतिम मौका
वहीं, जो छात्र कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण अपने परीक्षा केंद्र बदलना चाहते हैं, वे संबंधित चरण की आवेदन तिथियों पर परीक्षा केंद्र परिवर्तन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को सरकार नजदीकी केंद्रों को आवंटित करने की पूरी कोशिश करेगी। उल्लेखनीय है कि सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या दोगुनी कर दी गई है।