झारखंड अकादमिक काउंसिल ने अभी तक दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं पर कोई निर्णय नहीं लिया है। दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को अभी तक रद्द नहीं किया गया है। इन परीक्षाओं को कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण अप्रैल में स्थगित कर दिया गया था। बोर्ड का कहना है कि दसवीं एवं बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के स्थगित होने की खबरें फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि बारहवीं परीक्षा के रद्द होने की वायरल सूचना फेक है। बोर्ड का साफ कहना है कि विद्यार्थी सोशल मीडिया पर बारहवीं कक्षा की परीक्षा के रद्द होने के संबंध में वायरल हो रही फर्जी सूचनाओं पर विश्वास न करें।
इसे भी पढ़ें- सीबीएसई: बोर्ड सचिव ने दिए 12वीं के परिणाम से जुड़े 10 ज़रूरी सवालों के जवाब, आप भी पढ़िए
काउंसिल ने सोशल मीडिया पर परीक्षा रद्द करने की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा है कि अभी बारहवीं कक्षा की परीक्षा के संबंध में अंतिम निर्णय की घोषणा होना बाकी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा नोटिस फर्जी है। इस नोटिस में कहा जा रहा था कि कोविड -19 महामारी को देखते हुए बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर दी है। बोर्ड का साफ कहना है कि अभी तक ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है।
इसे भी पढ़ें-जामिया यूनिवर्सिटी: ओपन बुक फॉर्मेट में होंगे सेमेस्टर एग्जाम, दिशा-निर्देश जारी
इस फर्जी नोटिस में बोर्ड का लोगो भी शामिल था। जिसकी वजह से छात्रों को भ्रम हो रहा था। बताया जा रहा है कि बोर्ड आने वाले कुछ दिनों में दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण फैसला ले सकता है। बता दें कि सीबीएसई बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीबीएसई बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी। इसके बाद से मध्यप्रदेश, यूपी, हरियाणा सहित दस बोर्ड बारहवीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर चुके हैं।