कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज
- फोटो : nlus
कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (CNLUs) की ओर से कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT 2021) के परिणाम बुधवार, 28 जुलाई की शाम को घोषित किए जाने हैं। परिणाम आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर उपलब्ध होगा। CLAT यानी क्लैट परीक्षा 23 जुलाई को ऑफलाइन मोड में आयोजित की गई थी।
देश भर में कोविड -19 की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों के संघ ने क्लैट (CLAT-2021) के लिए क्लैट परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने का निर्णय किया था। संस्थान ने 23 जुलाई, 2021 को ही रात्रि 09 बजे क्लैट परीक्षा 2021 की टेंटेटिव आंसर की जारी की थी और उम्मीदवारों को 24 जुलाई रात 09 बजे तक आपत्तियां उठाने का मौका दिया था। इसके बाद फाइनल आंसर की 27 जुलाई को जारी की गई थी।
गौरतलब है कि इस साल 62,106 उम्मीदवार जो कि 23 जुलाई, 2021 को CLAT 2021 की परीक्षा में शामिल हुए थे, परिणाम घोषित होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। रिजल्ट घोषित होने के बाद वे आधिकारिक वेबसाइट- consortiumofnlus.ac.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (CNLUs) द्वारा जारी काउंसलिंग शेड्यूल के अनुसार, प्रत्येक श्रेणी में सीटों की संख्या से लगभग पांच गुना अधिक उम्मीदवारों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। काउंसलिंग पंजीकरण प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू होगी और 30 जुलाई को समाप्त होगी। इस दौरान उम्मीदवारों को सीट बुक करने के लिए 50,000 रुपये की राशि का भुगतान करना होगा।
पहली सीट आवंटन सूची एक अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को सीट को स्वीकार / लॉक करना होगा और दस्तावेजों को अपलोड करना होगा और 05 अगस्त से पहले एनएलयू को शुल्क का भुगतान भी करना होगा। इसके बाद, दूसरी आवंटन सूची 09 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी और जबकि तीसरी आवंटन सूची 13 अगस्त को जारी की जाएगी।
रिजल्ट कैसे चेक करें?
- क्लैट 2021 के परिणाम घोषित होने के बाद, छात्र आधिकारिक वेबसाइट- clatconsortiumofnlu.ac.in पर जाएं।
- होम पेज पर, परिणाम लिंक पर क्लिक करें।
- फिर आवश्यक लॉग-इन विवरण भरें।
- स्कोर कार्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।
- इसे डाउनलोड कर या सेव कर प्रिंट आउट ले लें।