आतंकी का मकसद चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश को दहलाने का तो नहीं था। आतंकियों के तौर तरीकों को जानने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) की एक टीम सुराग की तलाश में शुक्रवार सुबह सीमापुरी पहुंची। टीम ने मकान का मुआयना किया और उसके बाद मकान मालिक हाशिम के शहीद नगर स्थित घर पर गई, जहां उससे पूछताछ की।
माना जा रहा है कि चुनाव के दौरान आतंकी उत्तर प्रदेश में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गाजीपुर में बम प्लांट करने में नाकाम होने और उस घटना के बाद पुलिस की मुस्तैदी बढ़ने से आतंकी अपनी रणनीति में बदलाव कर दिया था।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि एटीएस की टीम ने मकान मालिक से यह जानने की कोशिश की है कि युवकों ने किस तरह से उसके मकान को किराए पर लिया। वह क्या काम करते थे और खुद को किस जगह का रहने वाला बताया था। शुक्रवार सुबह एटीएस की टीम गाजियाबाद की सीमा से सौ मीटर दूरी पर स्थित सीमापुरी के उस मकान पर भी पहुंची, जहां बृहस्पतिवार को आईईडी मिली थी।
आसपास रहने वालों से भी इस मकान में रह रहे युवकों के बारे में पूछताछ की। मकान के पास रहने वाले एक युवक ने बताया कि उसने वहां दो युवकों को देखा था। वह किसी से मेलजोल नहीं रखते थे और ज्यादातर कमरे में रहते थे। उसके बाद टीम मकान मालिक के घर पहुंचकर उससे किराएदारों से पूछताछ की।
एटीएस टीम के जाने के बाद नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की टीम भी इस मकान पर पहुंची। पुलिस ने मकान में ताला लगा रखा है। एनआईए की टीम ने मकान खुलवाया और दूसरी मंजिल से लेकर छत तक का मुआयना किया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिस कमरे में आरोपी रहते थे, उसे सील किया गया था, जिसकी वजह से एनआईए की टीम मकान में नहीं गई। एनआईए की टीम ने आसपास रहने वाली महिलाओं से पूछताछ की।
मकान में चल रहा था बम बनाने का काम
14 जनवरी को गाजीपुर मंडी में विस्फोटक मिलने के बाद मामले की जांच करते हुए सीमापुरी के इस मकान पर पहुंची, जहां से मिले आईईडी विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मकान में बम बनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस गाजीपुर से सीमापुरी तक सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद इस मकान तक पहुंची।
बृहस्पतिवार दोपहर जब स्पेशल सेल की टीम इस मकान पर पहुंची तब तक आतंकी गायब हो चुके थे। अब तक स्पेशल सेल की टीम मकान मालिक हाशिम और संदिग्धों को मकान पर किराए पर दिलाने वाले सीमापुरी के प्रॉपर्टी डीलर शमीम से पूछताछ कर रही है। दोनों के मोबाइल फोन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।