नई दिल्ली। सरायकाले खां में महिला की गेस्ट हाउस में मौत मामले में पुलिस जांच में नई बात सामने आई है। महिला ने शराब का सेवन किया था और उसके बाद नींद की गोलियां खा ली थीं। युवक आबिद सुबह उठा तो महिला सीमा की मौत हो गई थी। सीमा की मौत होने से आबिद डर गया था और गेस्ट हाउस से भाग गया था। पुलिस ने सीमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। हालांकि, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही पता लगेगा कि महिला की मौत कैसे हुई है।
सरायकाले खां स्थित मिलन गेस्ट हाउस में सीमा (25) का शव मिलने की सूचना मंगलवार सुबह मिली थी। महिला के मुंह से झाग निकल रहा था। सीमा बुलंदशहर निवासी आबिद के साथ डेढ़ वर्ष से सहमति संबंधों में रह रही थी। आबिद से पूछताछ में सामने आया कि सीमा ने रात को शराब का सेवन किया था। जब उसके सिर में दर्द होने लगा तो उसने जलजीरा के पानी से नींद की गोलियां खा ली थी। इसके बाद दोनों सो गए थे। आबिद की सुबह साढ़े चार बजे नींद खुली तो सीमा अचेत पड़ी थी और मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि शराब व नींद की गोलियां खाने से सीमा की मौत हुई है।
मूलरूप से बक्सर, बिहार निवासी सीमा बवाना इलाके में अकेली रहती थी। सीमा शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। सीमा का परिजनों से कोई संबंध नहीं था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आने के बाद सीमा के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।