नई दिल्ली। रानी बाग इलाके में पार्किंग ठेकेदार को जान से मारने की धमकी देकर जबरन वसूली में पुलिस ने गोगी गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राहुल गुप्ता (31), मनीष (42), जावेद (34) और अमजद (24) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों से तीन पिस्तौल, चार कारतूस और नकदी के अलावा कार व मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सोमवार को रानी बाग निवासी राहुल कामरा ने बताया कि वह डीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्किंग चलाता है। छह अगस्त को दो कार सवार बदमाशों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। एक आरोपी ने खुद का नाम राहुल नकटा बताया और पीड़ित से 50 हजार रुपये महीना रुपये मांगे। रुपये न देने पर पार्किंग पर कब्जा करने की धमकी दी। आरोपी गोगी गैंग का सदस्य बताता था। आरोप है कि सोमवार देर रात को राहुल पार्किंग में मौजूद था। तभी कार सवार आरोपियों ने राहुल के पार्किंग सहायक को पिस्तौल दिखाकर उससे 8700 रुपये लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर अमन विहार का घोषित बदमाश मनीष मास्टर और राहुल नकटा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जावेद और अमजद को भी ख्याला से दबोच लिया। मुख्य आरोपी राहुल नकटा ने बताया कि वह पहले 14 मामलों में शामिल रहा है।