नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए पीजी, एमफिल, पीएचडी के दाखिले संबंधी जानकारी देने के लिए वुर्चअल ओपन डेज की शुरुआत करने जा रहा है। वर्चुुअल ओपन डेज की शुरुआत 27 जुलाई से होगी जो कि 30 जुलाई तक चलेंगे। इन ओपन डेज के माध्यम से विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पंजीकरण करने व दाखिला फॉर्म भरने से लेकर दाखिले से जुड़ी अन्य जानकारी मिलेंगी।
ओपन डेज की खास बात यह है कि विद्यार्थी डीयू विशेषज्ञों से सीधे सवाल भी कर सकेंगे। इसके अलावा जो विद्यार्थी इसमें हिस्सा नहीं ले सकेंगे उनके लिए इनका प्रसारण डीयू फेसबुक व यूट्यूब पर किया जाएगा। डीयू दाखिला डीन प्रो राजीव गुप्ता ने बताया कि दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को दाखिला प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके लिए चार दिन शाम पांच बजे वर्चुअल ओपन डेज आयोजित होंगे।
इसमें आवेदकों के दाखिले से संबंधित सवालों के जवाब दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह ऐसे आयोजित किए जाएंगे जिससे आवेदकों को पंजीकरण प्रक्रिया और दाखिला प्रक्रिया के संबंध में सही व सटीक जानकारी मिल सके। वर्चुअल ओपन डेज में एक साथ 300 विद्यार्थी ही हिस्सा ले सकेंगे। विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए इनका प्रसारण डीयू के फेसबुक अकाउंट व यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा। जिससे कि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इनका लाभ ले सकें।