नई दिल्ली। अफगानिस्तान से 227 हिंदू व सिख समुदाय के भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत लाने के लिए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में इन लोगों की तालिबान से जान को खतरा बताते हुए केंद्र सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश देने की मांग की गई है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रवक्ता परमिंदर पाल सिंह ने दायर जनहित याचिका में कहा है कि तालिबान के डर के साये में उक्त 227 भारतीय हिंदू व सिख समुदाय के लोग रह रहे हैं। उनको प्रति दिन तालिबान की ओर से धमकियां दी जा रही हैं और उनको जान व संपत्ति का खतरा है।
याची ने कहा कि उनकी जानकारी में आया है कि सभी लोग मानसिक तनाव में रह रहे हैं और उनकी कभी भी हत्या हो सकती है। याची ने कहा कि सरकार ने इन लोगों को अफगानिस्तान से सुरक्षित लाने की दिशा में कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया। ऐसे में अदालत को मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
याचिका में कहा गया कि सरकार को निर्देश दिया जाए कि इन सभी भारतीय नागरिकों को अफगानिस्तान से सुरक्षित वापस लाने के लिए ई-वीजा प्रदान करे और विशेष विमान के जरिये इन लोगों को भारत वापस लाया जाए। उन्होंने कहा जब तक वापस लाने की व्यवस्था नहीं होती तब तक अंतरराष्ट्रीय एजेंसी के जरिये इन भारतीयों की सुरक्षा करवाने का भी निर्देेश दिया जाए।