जामिया नगर थाना पुलिस ने मामूली बात पर दो भाइयों पर गोलियां चलाने वाले आरोपी को नाबालिग के साथ रामपुर, यूपी से दबोचा है। पीड़ित दोनों भाइयों ने आरोपी को घर के बाहर से जाने से कह दिया था तो आरोपी ने दो राउंड गोलियां चला दी थीं।
आरोपी सैदुल जफर के पास एक देशी पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी इलाके में धौंस जमाने के लिए अवैध हथियार आने पास रखता था। आरोपी के खिलाफ हत्या की प्रयास समेत पहले से कई मामले दर्ज हैं। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार सात व आठ जून की रात मुरारी रोड, छोटा बारात घर जामिया नगर में फायरिंग की सूचना मिली थी।
जामिया नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घर के बाहर चार लड़के झगड़ा कर रहे थे। उसने आरोपियों को वहां से जाने को कह दिया तो आरोपी ने पीड़ित व उसके भाई पर दो राउंड गोलियां चला थीं। पुलिस को मौके से दो खोल मिले थे।
मामला दर्जकर थानाध्यक्ष सतीश कुमार की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। साथ में मौके पर एक टूटा हुआ मोबाइल मिला। इसमें से कुछ नंबर मिले। इन नंबरों को मोबाइल सर्विलांस पर लगाने के बाद पुलिस ने सैदुल जफर को रामपुर, यूपी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलरूप से रामपुर का ही रहने वाला है। सैदुल से पूछताछ के बाद नाबालिग को पकड़ लिया गया।